UP

बिजनौर : प्लाट के नाम पर 6.75 हजार लेने का आरोप, एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

बिजनौर, 29 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र में प्लॉट बेचने के नाम पर 6 लाख 75 हजार रुपये लेने और बैनामा न कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित ताहिर हुसैन की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद नहटौर थाने में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

ग्राम मिर्जापुर, पोस्ट ताहरपुर सैद, थाना नहटौर, तहसील धामपुर निवासी ताहिर हुसैन पुत्र अख्तर हुसैन ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कस्बा नहटौर के मोहल्ला हौलियान निवासी मोहम्मद फारूक पुत्र असलम से प्लॉट खरीदने का सौदा तय हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित की ससुराल उनके गांव में है और वह रिश्ते में उनकी भतीजी का पति है। ताहिर हुसैन के मुताबिक, तहसील नजीबाबाद के ग्राम हिन्दूपुर में 150 वर्ग गज का प्लॉट 5,500 रुपये प्रति वर्ग गज की दर से कुल 8 लाख 25 हजार रुपये में खरीदने का सौदा तय हुआ था। आरोप है कि 18 फरवरी 2025 को उन्होंने 1 लाख 50 हजार रुपये नकद बयाने के तौर पर दिए। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 6 लाख 75 हजार रुपये का भुगतान किया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि भुगतान की गई रकम में से 2 लाख 30 हजार रुपये ऑनलाइन मारूफ नामक व्यक्ति के खाते में भेजे गए, जबकि शेष रकम नकद दी गई। | ताहिर हुसैन का आरोप है कि जब उन्होंने शेष रकम देकर प्लॉट का बैनामा कराने की बात कही तो आरोपित ने फोन उठाना बंद कर दिया। मिलने पर भी वह टालमटोल करने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित न तो प्लॉट का बैनामा करा रहा है और न ही दी गई रकम वापस कर रहा है। इसके बाद ताहिर हुसैन ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी के आदेश पर नहटौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

नहटौर थाने के कस्बा इंचार्ज अशोक मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।