Delhi

महापौर प्रवेश वाही ने आयुक्त को लिखा पत्र, स्वच्छता सैनिकों का बकाया वेतन 8 नवंबर से पहले देने के निर्देश

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर । दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को निगमायुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखकर स्वच्छता सैनिकों के लंबित वेतन एवं अन्य बकाया राशि का दीपावली से पूर्व भुगतान सुनिश्चित करने के लिए करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली के पर्व को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता सैनिकों के लंबित बकाया का भुगतान यथासंभव 8 नवंबर से पहले सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे और उनके परिवार त्योहार को बेहतर ढंग से मना सकें।

महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली नगर निगम के सभी जोनों में कार्यरत स्वच्छता सैनिकों की उपस्थिति की प्रभावी निगरानी करने तथा वेतन भुगतान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वच्छता सैनिकों के वेतन भुगतान को निर्धारित उपस्थिति प्रणाली से जोड़ने और इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

वाही ने अपने पत्र में कहा कि निगम के सभी जोनों में कार्यरत कर्मचारियों, विशेषकर स्वच्छता सैनिकों की उपस्थिति और वेतन भुगतान की उचित निगरानी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए वेतन भुगतान को बायोमेट्रिक अथवा आधार-लिंक्ड उपस्थिति प्रणाली से जोड़ने की व्यवस्था लागू की जा सकती है, ताकि कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति के अनुरूप वेतन का सटीक भुगतान सुनिश्चित हो सके।

महापौर ने निगमायुक्त से अनुरोध किया है कि सभी जोनों में स्वच्छता सैनिकों के वेतन भुगतान को उपस्थिति प्रणाली से जोड़ने की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से शुरू की जाए। साथ ही, इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक जोन में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

महापौर ने कहा कि स्वच्छता सैनिक दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मेहनत और योगदान से शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है। इसलिए उनकी वास्तविक उपस्थिति के अनुरूप समय पर वेतन भुगतान, लंबित बकाया राशि का निस्तारण तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना निगम की प्राथमिकता है।

महापौर ने निगमायुक्त को इस संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने के भी निर्देश दिए हैं।