जबलपुर में सराफा कारोबारियों से लूट, चाकू की नोक पर जेवरात से भरी कार ले भागे बदमाश
जबलपुर, 29 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर में गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरी-खिरिया बाइपास पर बुधवार देर रात लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक्टिवा सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने दो सराफा कारोबारियों को चाकू की नोक पर धमकाकर उनके साथ मारपीट की और जेवरात व नकदी से भरी उनकी कार लेकर फरार हो गए। वारदात की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नुनहाई क्षेत्र निवासी सराफा व्यापारी दीपक जैन और आकाश सोनी बुधवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच कटनी से कार द्वारा जबलपुर लौट रहे थे। खजरी-खिरिया बाइपास के पास दोनों ने अपनी कार रोकी और नीचे उतरे। इसी दौरान एक्टिवा पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंच गए।
आरोप है कि बदमाशों ने धारदार चाकू दिखाकर दोनों व्यापारियों को घेर लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने दहशत फैलाकर कार की चाबी छीन ली और जेवरात व नकदी से भरी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
वारदात में कार के साथ सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी लूटे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत का आधिकारिक आंकड़ा फिलहाल स्पष्ट नहीं है। देर रात व्यस्त मार्ग के आसपास हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


