Rajasthan

नवंबर में राजस्थान में गर्मी का असर, बाड़मेर में पारा 38 डिग्री के पार

जयपुर, 09 नवंबर । राजस्थान में नवंबर के महीने में सर्दी के बजाय गर्मी का असर बना हुआ है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। पिछले कई वर्षों में यह दूसरी बार है, जब नवंबर में बाड़मेर का तापमान 38 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है।

जयपुर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और चूरू सहित कई शहरों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का अहसास हुआ। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने से सर्दी का असर अपेक्षाकृत कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में एंटी साइक्लोनिक सिस्टम बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तरी हवाएं कमजोर हो रही हैं, जबकि पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है। आसमान साफ रहने और दिनभर तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पश्चिमी राजस्थान में नवंबर के दौरान असामान्य गर्मी का यह प्रमुख कारण है।

बाड़मेर, पाली, जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। रविवार को माउंट आबू में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि दूसरे सप्ताह के अंत से मौसम में बदलाव आने और सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।