पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने शादी के 13 साल बाद अलग होने का किया ऐलान
हैदराबाद, 10 नवंबर । आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जाने-माने तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के 13 साल बाद अलग होने का निर्णय लिया है। दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला आपसी सहमति और एक-दूसरे के प्रति सम्मान के साथ लिया गया है।
दोनों ने जारी संयुक्त बयान में कहा कि अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी शादी खत्म हो गई है, लेकिन वे अच्छे दोस्त और अपने बच्चों के प्रति समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी।
पवन कल्याण और अन्ना ने अपने बयान में जीवन के इस बदलाव के दौरान लोगों से समझदारी, संवेदनशीलता और उनकी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले लोगों का आभार भी जताया।
पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में हैदराबाद के एक सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में विशेष विवाह अधिनियम (स्पेशल मैरिज एक्ट) के तहत रूसी नागरिक अन्ना से शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं। बेटी का नाम पोलेना अंजाना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है।
पवन के लिए यह उनकी तीसरी शादी थी। इससे पहले 1997 में उनकी शादी नंदिनी से हुई थी और 2008 में उनका तलाक हो गया था। बाद में उन्होंने 2009 में अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की थी और 2012 में उनका तलाक हो गया था।


