Delhi

महापौर ने रोहिणी में फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 13 नवंबर । दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को रोहिणी क्षेत्र के वार्ड-51 में फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) का उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र में कचरे के व्यवस्थित संग्रहण, संपीड़न एवं परिवहन की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा कचरा प्रबंधन कार्य अधिक सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन के माध्यम से क्षेत्र से एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से संपीड़न और स्थानांतरण किया जाएगा। इससे कचरे के परिवहन की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होगी तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। यह पहल क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और कचरा प्रबंधन की आधारभूत सुविधाओं को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। निगम का उद्देश्य दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर बनाना है।

महापौर ने स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक सोमवार को स्थानीय निवासी सामूहिक रूप से अपने आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जब स्थानीय लोग स्वयं आगे आकर स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेंगे, तभी स्वच्छता के प्रयासों को स्थायी सफलता मिल सकेगी।

इस अवसर पर उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के उपायुक्त अंशुल सिरोही, क्षेत्रीय पार्षद एवं निर्माण समिति के उपाध्यक्ष धर्मबीर शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।