MP

मप्र के इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में भीषण आग, 5 बसें जलकर खाक

इंदौर, 18 नवंबर । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से पांच बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हादसे के वक्त डिपो परिसर में आई-बस समेत चार्टर्ड कंपनी की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग तेजी से फैलने के कारण डिपो में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डिपो परिसर के पास पड़े कचरे के ढेर में रात के समय आग लगी थी, लेकिन तेज हवा चलने की वजह से इसकी लपटें बहुत तेजी से आगे बढ़ीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक के बाद एक पांच बसें पूरी तरह इसकी चपेट में आ गईं और धू-धू कर जलने लगीं। बसों में आग की लपटें उठने के साथ ही आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा।

आग और धुआं देखकर डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। डिपो में खड़ी अन्य बसों तक आग पहुंचने का खतरा देखते हुए उन्हें सुरक्षित दूरी पर हटवाया गया। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाया। इसके बाद डिपो परिसर में राहत की स्थिति बनी।

हादसा रात के समय हुआ, जब बसें डिपो में खड़ी थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद जली हुई बसों का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।