पुष्कर मेले में देशी महिलाओं का दबदबा, मटका और म्यूजिकल चेयर रेस में जीते खिताब
जयपुर, 22 नवंबर । अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में रविवार का दिन सांस्कृतिक, पारंपरिक और मनोरंजक आयोजनों के नाम रहा। मेला मैदान में सुबह से ही देशी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ जुटी रही। महिलाओं की मटका रेस से दिन की शुरुआत हुई, जिसमें देशी और विदेशी महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में राजस्थान की महिलाओं ने विदेशी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए पहले तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया।
मटका रेस में दौसा की मैना कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पाली की शारदा दूसरे और जोधपुर की कोमल बिश्नोई तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान सिर पर मटका रखकर संतुलन के साथ दौड़ती महिलाओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक मौजूद रहे। पहली बार प्रतियोगिता में शामिल हुई विदेशी महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
मटका रेस के बाद महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर रेस आयोजित की गई। गानों की धुन के बीच हुई इस प्रतियोगिता में कुर्सी हासिल करने के लिए महिलाओं के बीच जमकर मुकाबला हुआ। इसमें जयपुर की शोभिता जैन ने पहला स्थान प्राप्त किया। दौसा की मैना देवी दूसरे और नोएडा की मनु सक्सेना तीसरे स्थान पर रहीं।
शोभिता जैन ने बताया कि वे जयपुर से पुष्कर मेला घूमने आई थीं और बिना किसी विशेष तैयारी के प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि देशी और विदेशी महिलाओं के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए खास अनुभव रहा।
पुष्कर मेले में राजस्थान कुश्ती संघ की ओर से मेला मैदान में कुश्ती प्रतियोगिता भी हुई। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों से आए पहलवानों ने दांव-पेच आजमाए। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें विदेशी महिला प्रतिभागियों ने भी कुश्ती के दांव-पेच दिखाएं।
अजमेर कुश्ती संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र भाटी के अनुसार प्रतियोगिता में विजेताओं को पुष्कर केसरी, पुष्कर कुमार और पुष्कर अभिमन्यु जैसे खिताब दिए जाएंगे। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पहलवानों को क्रमश: 21 हजार, 11 हजार और 5100 रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और पहलवानों को प्रोत्साहित करना है।
पुष्कर मेले में रविवार शाम धार्मिक और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा। शाम 6 बजे पुष्कर सरोवर के घाट पर महाआरती होगी। इसके बाद रात में मेला मैदान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बॉलीवुड नाइट आयोजित की जाएगी।
पुष्कर पशु मेले में भी पशुओं और पशुपालकों की गतिविधियां जारी हैं। रवन्ना कटने के साथ ही पशुओं और पशुपालकों के वापस लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। शनिवार को भी 156 पशुओं की आवक हुई। इसके साथ ही मेले में अब तक कुल 10 हजार 88 पशुओं की आवक हो चुकी है। इनमें सबसे अधिक 6304 घोड़े शामिल हैं। अब तक 452 घोड़ों सहित कुल 698 पशुओं की खरीद-बिक्री हो चुकी है। पशुओं के सौदों से अब तक 4 करोड़ 45 लाख 7 हजार 500 रुपए का लेनदेन हुआ है।
पुष्कर मेले में रविवार को धार्मिक आस्था, राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति, खेल और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेला मैदान से लेकर पुष्कर सरोवर के घाट तक देशी-विदेशी पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है।


