भारत-सूरीनाम के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देगा यूपी पर्यटन: जयवीर सिंह
भारत-सूरीनाम के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देगा यूपी पर्यटन: जयवीर सिंह
लखनऊ,16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करने तथा राज्य में निवेश संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूरीनाम गणराज्य में भारत के राजदूत सुभाष पी. गुप्ता ने सोमवार को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पर्यटन निदेशालय का दौरा किया। यह दौरा उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख पहल इन्वेस्ट यूपी के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को प्रोत्साहित करना और राज्य में निवेश को आकर्षित करना है।
इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात की।
बैठक के दौरान पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं, सांस्कृतिक संबंधों के विस्तार और यूपी की वैश्विक ब्रांडिंग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने पर्यटन के आर्थिक विकास का प्रमुख आधार मानते हुए साझा रणनीतियों पर बल दिया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का केंद्र है। सूरीनाम में भारतीय मूल की बड़ी आबादी है, जिससे हम भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं। पर्यटन के माध्यम से इन संबंधों को और सुदृढ़ किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा, कि राज्य सरकार वैश्विक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्तर प्रदेश की प्रस्तुतियों को सशक्त बना रही है।
वार्ता के दौरान सूरीनाम में भारतीय राजदूत सुभाष पी. गुप्ता ने भारत और सूरीनाम के बीच ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को ’भारत का हृदय स्थल’ बताया और पर्यटन एवं संस्कृति के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को उत्तर प्रदेश से जोड़ने हेतु तीर्थ पर्यटन, विशेष रूप से रामायण और बौद्ध सर्किट को प्रोत्साहित करने की बात कही।
बैठक में लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज बोरा, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम तथा विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने राज्य में चल रही पर्यटन परियोजनाओं और निवेश के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। मुकेश कुमार मेश्राम ने पर्यटन नीतियों, ब्रांडिंग प्रयासों और सार्वजनिक-निजी भागीदारी की योजनाओं की जानकारी साझा की।
भेंट के बाद पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने सूरीनामवासियों एवं सुभाष पी0 गुप्ता को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि भारत और सूरीनाम के बीच सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं। वहां की अर्थव्यवस्था में भारतीय मूल के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है।—————

