Uttarakhand

श्रावण के तीसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

यूं तो श्रावण मास ही पावन माना जाता है, लेकिन इस पूरे माह पड़ने वाले हर सोमवार का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि शिव को सोमवार का दिन सबसे ज्यादा प्रिय होता है। इसलिए इस दिन शिव की भक्ति और उनका जलाभिषेक करने पर शिव की कृपा अपार मिलती है। मान्यता है कि शिव सावन के पूरे महीने अपनी ससुराल कनखल में ही निवास कर यहीं से सृष्टि का संचालन और लोगों का कल्याण करते हैं। इसी कारण से श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रहती है। आज भी श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ा।

दक्षेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी भोले के भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए उमड़ें। दक्षेश्वर महादेव मंदिर के अतिरिक्त माता पार्वती के तप स्थल श्री विल्वकेश्वर महादेव मंदिर, गौरीशंकर, नीलेश्वर, दरिद्रभंजन, दुःखभंजन, तिलभाण्डेश्वर, जनमासा समेत तमाम शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा।

शिवालयों में भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।