सिरसा सांसद सैलजा ने हरियाणा में बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
सांसद सैलजा ने शनिवार को मीडिया को जारी बयान में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल रही है। महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रही हिंसा और अपराध यह साबित करते हैं कि सरकार अपराध नियंत्रण में नाकाम है। सांसद ने कहा कि आज प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जी रही है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है। प्रदेश सरकार केवल कागजों में योजनाएं और आंकड़े गिनाने में व्यस्त है जबकि धरातल पर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मनीषा की मौत का मामला पुलिस प्रशासन ने उलझाकर रख दिया, अगर पहले ही सतर्कता दिखाई होती तो वह बच सकती थी।
सांसद ने कहा कि सरकार की ओर से विधानसभा में दिए आंकड़ों (एक जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2025) के अनुसार 212 दिन की अवधि में 530 हत्याएं यानि प्रतिदिन तीन हत्या, 2116 अपहरण यानि प्रतिदिन 11 अपहरण, 779 दुष्कर्म यानि प्रतिदिन चार दुष्कर्म, 771 छेड़छाड़ के मामले यानि प्रतिदिन लगभग चार मामले, पाॅक्सो एक्ट के तहत 662 मामले यानि प्रतिदिन पांच मामले बनते हैं। इसके साथ ही रंगदारी, फिरौती, लूट, चोरी की वारदातों में भी इजाफा हो रहा है। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा हैै। उद्योगपतियों में इतनी दहशत बढ़ती जा रही है कि उद्योग धंधे पलायन करने लगे हैं।
सैलजा ने मांग की है कि प्रदेश सरकार तुरंत विशेष कार्य योजना बनाए और महिलाओं व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
—-

