Uttarakhand

हर पीड़ित तक मदद पहुंचाने में जुटे हैं संगठन के कार्यकर्ता: महेंद्र भट्ट

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार के प्रयासों के साथ पार्टी के सभी सांसद, जनप्रतिनिध, कार्यकर्ता भी राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। उत्तरकाशी के धराली में प्राकृतिक आपदा में केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी एजेंसियां लगातार युद्धस्तर पर राहत कार्य चला रही हैं। आपसी समन्वय से हम सभी, आपदा में फंसे हुए लोगों को सकुशल निकालने एवम हादसे में दबे लोगों की जानकारी जुटाने के कार्य मे लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लगातार बचाव कार्य की जानकारी ले रहे हैं। केंद्र की तरफ बचाव अभियान में हरसंभव मदद की जा रही है।

भट्ट ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री धामी ग्राउंड जीरो पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्हाेंने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करने के बाद वहीं कैंप कर रहे हैं। सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग पूरी क्षमता से आपदा राहत में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी के चार लोकसभा सांसदों ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मिलकर आपदाग्रस्त क्षेत्र की स्थिति साझा की है। इस प्राकृतिक आपदा में हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। केंद्र सरकार में सड़क व परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा भी सीमा सड़क संगठन व राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र पहुंच कर आपदा से हुई क्षति एवं राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।