UP

ऑपरेशन क्लीन : पुलिस मुठभेड़ में एक वाहन चाेर घायल, तीन ने किया समर्पण

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार व सीओ गरौठा आसमा वकार ने बताया कि गुरसरांय थाना क्षेत्र में लगातार ट्रैक्टर-ट्राली की चोरियों की घटनाएं बढ़ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेकर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्वाट टीम और गुरसरांय पुलिस को निर्देश दिए थे। थाना पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीमाें ने बीती रात मोठ से एरच जाने वाले मार्ग के जंगल में संदिग्ध बदमाशों काे घेर लिया। पुलिस काे देख बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश राजा बाबू उर्फ कृष्णकांत निवासी खुशीपुरा टोडी फतेहपुर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके अन्य साथी बृजेंद्र कोरी, संजीत अहिरवार व छोटू रायकवार निवासी मथनिया गुरसरांय ने पुलिस टीम के सामने घबराकर समर्पण कर दिया। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से दो ट्रैक्टर, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आराेपिताें के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।