सावन के अंतिम सोमवार को बारिश बनी आफत
जानकारी के मुताबिक, सुभाषनगर निवासी शिशुपाल और अशोक सोमवार सुबह पशुपतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर लौट रहे थे। बारिश की वजह से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो चुकी थी, जिससे उन्हें नाले का अंदाजा नहीं लग पाया और बाइक समेत उसमें जा गिरे। दोनों तेज बहाव में बहने लगे, तभी वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया।
सूचना पर थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडेय मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले में गिरी बाइक को भी बाहर निकाल लिया। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दोनों युवकों ने पुलिस और दमकल टीम का आभार जताया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
बारिश और सावन की भीड़ के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बनी रही। प्रशासन की ओर से हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।


