Haryana

सिरसा: हम सत्ता के नहीं जनसेवा के भूखे हैं: अभय चौटाला

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता ने तो वर्ष 2019 में ही भाजपा से सत्ता छीन ली थी, मगर चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने का संकल्प लेने वाले लोग उनकी नीतियों व सिद्धांतों को बेचकर भाजपा की गोद में बैठ गए और उनकी सत्ता बनवा दी। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी भाजपा की बी टीम बनकर भाजपा को सत्तासीन करवाने का काम किया। जब तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरीखे लोग हैं, तब तक भाजपा सत्ता पर काबिज रहेगी।

उन्होंने कहा कि वह चौधरी देवीलाल जयंती समारोह को लेकर अब तक प्रदेश के 45 विभिन्न हलकों में कार्यकर्ताओं की बैठक ले चुके हैं और उन्होंने कार्यकर्ताओं में इस जयंती समारोह को लेकर जो जोश और जज्बा पाया है, वह अब से पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में जिस प्रकार बेरोजगारी, नशा, अपराध बढ़ा है, उससे समाज का हर वर्ग त्रस्त है और इससे छुटकारा चाहता है। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल, इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष सुभद्रा सीलू, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, हलका संयोजक विनोद अरोड़ा, मंदर सिंह सरां, संदीप गर्ग, लवली मेहता, संदीप चौधरी, नगर परिषद चेयरमैन टेकचंद छाबड़ा आदि मौजूद थे।