जदरांगल परिसर में देरी पर हाई कोर्ट की फटकार, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने हिमाचल सरकार को घेरा
शांता कुमार ने इस मामले को प्रदेश के लिए शर्मनाक बताया और कहा, “पूरे देश में ऐसा कहीं नहीं हुआ होगा कि एक प्रदेश को केंद्रीय विश्वविद्यालय मिला हो और 12 साल बाद भी उसका भवन न बना हो। यह हिमाचल की नालायकी है और एक हिमाचली होने के नाते मैं भी शर्मिंदा हूं।”
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से अपील की कि अगली सुनवाई से पहले जदरांगल परिसर के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि तत्काल जमा करवाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार देहरा परिसर के निर्माण के लिए तो धनराशि उपलब्ध करवा रही है, लेकिन जदरांगल परिसर की लगातार अनदेखी कर रही है, जो अत्यंत अन्यायपूर्ण है।
शांता कुमार ने चेताया कि यदि यह भेदभावपूर्ण रवैया जारी रहा तो यह एक बड़ा पाप बन जाएगा और इससे प्रदेश में आक्रोश और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि यह विषय अब और न बिगड़े, इसलिए समय रहते उचित कदम उठाए जाएं।

