UP

आत्मनिर्भर बनने से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार : लालजी निर्मल

मुख्य अतिथि एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरी दुनिया में अपना परचम लहराया है। आत्मनिर्भर बनने पर ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि 2014 से 2025 तक 11 वर्षों में भाजपा शिखर तक पहुंच गई है। इस कालखंड में देश एक नए भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा है, जहाँ अर्थ से लेकर शस्त्र तक भारत की गूंज विश्व पटल पर सुनाई देती है। अब भारत आतंकवाद पर केवल निंदा नहीं करता, बल्कि कठोर कार्रवाई करता है और देश की जनता ने यह परिवर्तन अपनी आंखों से देखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों को समाज में सम्मान दिलाया है।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के हाथों में ही सुरक्षित है। भाजपा के रहते हुए ही आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प पूरा होगा। भाजपा ही इकलौती ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता राजनीति के साथ ही समाज सेवा के कार्य करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, आयुष्मान भारत सहित तमाम योजनाओं का बखान किया।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने केवल वादे नहीं किए, बल्कि धरातल पर परिणाम दिए हैं। आज भारत की ताकत, आत्मविश्वास और स्वाभिमान पूरी दुनिया देख रही है। यह सब पीएम मोदी की दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।

एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि ताईवान कोरिया, जापान, चीन, अमेरिका के बाद आज भारत में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनने की शुरुआत होना पीएम मोदी के आत्म निर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में पहला कदम। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए स्वदेशी को अपनाना होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने शपथ लेने के बाद सबसे पहले गरीबों, किसानों और वंचित वर्ग की समस्याओं को अपनी प्राथमिकता बनाया। आज अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। जहाँ गांव-गांव अंधेरा छाया था, वहां बिजली पहुँची। झुग्गियों में रहने वाले गरीबों को पीएम आवास योजना के तहत पक्का मकान मिला। घर-घर शौचालय बने और हर नागरिक को आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली। करोड़ों गरीबों को जन धन खातों से आर्थिक मजबूती मिली। उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति मिली। जल जीवन मिशन से हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाने का काम हुआ। उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों और योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि वास्तव में यह अमृतकाल का भारत है।

इस दाैरान प्रमुख रूप से राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी,अनीता गुप्ता, अरुण पाठक, जसविंदर सिंह, रघुनंदन भदौरिया, बीएल पांडेय, दिवाकर मिश्रा, राम बहादुर यादव, गणेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, अनुराग शुक्ला, संजीव बेरी, प्रवीण मिश्रा, अर्जुन बेरिया आदि रहे।