अगले सप्ताह फिर करवट लेगा प्रदेश का मौसम, होगी झमाझम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 2-3 दिन पश्चिमी हवाएं चल सकती है। इससे बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 4 दिन तक 16 सितम्बर तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने व केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 17 सितंबर से पुन: मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
घटने लगी बीसलपुर बांध में पानी की आवक, एक गेट किया बंद
बीसलपुर बांध में लगातार पानी की आवक घटने लगी है। इसके चलते शुक्रवार को एक गेट बंद कर दिया गया। गुरुवार को 3 गेट खोलकर 18030 क्यूसेक पानी की निकासी की गई थी। शुक्रवार को गेट नम्बर 9 और 10 को खोलकर 12020 क्यूसेक पानी की निकासी गई। वर्तमान में त्रिवेणी नदी 4 मीटर पर बह रही है।

