दो लाख श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में टेका मत्था
भारी भीड़ को देखते हुए रविवार की भोर में ही मां शीतला की मंगला आरती कर मंदिर के कपाट खोल दिए गए। श्रद्धालुओं ने मेला क्षेत्र में लगी दुकानों से नारियल, चुनरी, लाचीदाना, पेड़ा, लड्डू, अढ़ौल और मालाफूल आदि प्रसाद चढ़ाकर मां के जयकारे लगाए और गर्भगृह में पहुंचकर दर्शन किया।श्रद्धालुओं की भारी संख्या के चलते अदलपुरा से शीतला धाम तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। मंदिर परिसर की सभी गलियां आस्था से भरे भक्तों से पट गईं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र एएसपी आपरेशन ओपी सिंह, सीओ मंजरी राव, कोतवाल विजय शंकर सिंह, मेला प्रभारी व अदलपुरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कुमार संतोष भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। लगातार गश्त और व्यवस्थापन से भीड़ को नियंत्रित किया गया, जिससे भक्तों को सुगम दर्शन का अवसर मिल सका।

