MP

मंत्री विश्वास सारंग ने छठ पूजा घाट का निरीक्षण कर लिया तैयारियों का जायजा, व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

भोपाल में छठ महापर्व की शुरुआत 25 अक्टूबर से होगी, जबकि समापन 28 अक्टूबर को होगा। राजधानी में बड़े पैमाने पर महापर्व मनाया जाता है। इसके चलते बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बुधवार को मंत्री विश्वास सारंग ने तैयारियों को देखा। मंत्री सारंग अन्नानगर, छोला समेत कई घाट पर पहुंचे। यहां उन्होंने सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि छठ महापर्व भोपाल में भी बड़े स्तर पर धूमधाम से मनाया जाता है। खास बात ये है कि एक ही घाट पर हर वर्ग, हर समाज का व्यक्ति इकट्‌ठा होता है। कोई भेद नहीं होता। यह एक-दूसरे के सद्भाव और समानता का पर्व भी है। इसलिए आज निरीक्षण करके व्यवस्थाएं करने को कहा है।

बता दें की महापर्व की तैयारी काे लेकर छठ पूजा से पहले घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों को रिपेयर किया जा रहा है। हर घाट पर चेंजिंग रूम भी बनाए हैं। घाटाें पर गोताखोर तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। पूजा की शुरुआत से लेकर समाप्ति तक लगातार सफाई का दौर चलेगा। कुंडों की लगातार सफाई होगी। बिजली और पेयजल के इंतजाम भी किए जाएंगे।