निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर राजनीतिक जश्ने चिरागां को रोकने के लिए दरगाह कमेटी ने शिकायत दर्ज कराई
दरगाह के चीफ इंचार्ज काशिफ निजामी का कहना है कि जब दरगाह कमेटी को इस मामले की जानकारी मिली तो सभी ने फैसला किया कि इस जश्ने चिरागों को रोकने के लिए पुलिस की मदद ली जाए। इसी को मद्देनजर रखते हुए दरगाह कमेटी की तरफ से एक शिकायत हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस को दी गई है जिसमें इस जश्ने चिरागां रोकने की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल भी इसी तरह का एक कार्यक्रम यहां पर आयोजित किया गया था जिसमें बैनर आदि लगाया गया था और नारेबाजी वगैरा भी की गई थी और यह कार्यक्रम भी दरगाह कमेटी की बिना इजाजत के किया गया था।
उन्होंने कहा कि दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया में सभी का स्वागत किया जाता है। यहां पर हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई सभी बाबा के दरबार में जाकर हाजिरी देते हैं और अपनी मुरादे मांगते हैं। उन्होंने कहा की दरगाह को राजनीति के अखाड़े से दूर रखने की हमेशा कोशिश की गई है और दरगाह में किसी भी तरह का कोई राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि एमआरएम का जश्ने चिरागा कार्यक्रम पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है इसलिए हमने पुलिस से इसे रोकने की मांग की है।

