राजगढ़ः कोर्ट परिसर में गालियां देते हुए पत्नी को दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
पुलिस के अनुसार ग्राम बरग्या निवासी 23 वर्षीय दीप्ति नागर ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी शादी ग्राम पीपलहेला निवासी घनेन्द्र नागर से हुई थी, ससुराल पक्ष के मना करने के बाद भी पिता ने हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था। शादी के तीन से चार माह के बाद ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज की मांग को लेकर मानसिक रुप से प्रताड़ित करने लगे, जिस पर 31 मार्च 2025 को करनवास थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया। बीते रोज डाक विभाग के द्वारा मिले नोटिस के संबंध में पीड़ित अपने वकील से मिलने अदालत में गई थी। इसी दौरान पति घनेन्द्र नागर ने उसके साथ गाली-गलौंज की और मारने के लिए आमदा हो गया, विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी साथ ही पति घनेन्द्र ने कहा कि कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है, अब तलाक के बाद ही आना। पुलिस ने मामले में पीड़ित की शिकायत पर आरोपित वकील पति के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट के लिए आमदा और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया।

