Haryana

फतेहाबाद : डीसी ने लिया पेपरलेस रजिस्ट्री का जायजा

उपायुक्त ने रजिस्ट्री करवाने आए विक्रेताओं व खरीददारों से मुलाकात कर प्रक्रिया के बारे में फीडबैक लिया। नागरिकों ने इस डिजीटल प्रणाली को पारदर्शी, सरल और समय बचाने वाला बताते हुए हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया। उपायुक्त ने मौके पर ही एक ऑनलाइन रजिस्ट्री की प्रति भी सौंपी। डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली से अब रजिस्ट्री कराने वाले नागरिकों को लंबी कागजी प्रक्रिया से मुक्ति मिलेगी। डिजिटल माध्यम से रजिस्ट्री होने से दस्तावेजों की सुरक्षा, ट्रैकिंग और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक सुगम हो गया है। अब लोगों को रजिस्ट्री के लिए तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और अधिकांश कार्य ऑनलाइन ही पूरे किए जा सकेंगे। यह नई प्रणाली राजस्व विभाग में एक ऐतिहासिक सुधार है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि अब सभी रजिस्ट्री केवल डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से की जाएंगी। नागरिकों को केवल एक बार अंतिम बायोमेट्रिक सत्यापन और डीड एग्जीक्यूशन के लिए ही पंजीकरण कार्यालय पर पहुंचना होगा। इससे दस्तावेजों के खोने या जालसाजी होने का जोखिम लगभग समाप्त हो जाएगा। सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेंगे, जिससे उनके खोने या खराब होने का डर नहीं रहेगा। इस दौरान टोहाना एसडीएम आकाश शर्मा, नगराधीश गौरव गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।