Haryana

सीजेआई सूर्यकांत की शपथ ग्रहण के गवाह बनेंगे हिसार के वकील

जिला बार के 136 अधिवक्ता होंगे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल

हिसार, 21 नवंबर । राष्ट्रपति भवन में 24 नवंबर को आयोजित होने वाले

भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत के शपथ ग्रहण समारोह में

जिला बार एसोसिएशन हिसार के रिकॉर्ड 136 अधिवक्ता शामिल होंगे। सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया

के प्रशासन द्वारा हिसार बार को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है तथा सभी 136 अधिवक्ताओं

के लिए विशेष पास जारी कर दिए गए हैं।

बार लाइब्रेरी में शुक्रवार को ये विशेष पास और निमंत्रण पत्र जिला बार एसोसिएशन

के पदाधिकारियों ने संबंधित वकीलों को सौंपे। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट

संदीप बूरा और सचिव एडवोकेट समीर भाटिया ने बताया कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत का हिसार

से गहरा नाता रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1984-85 में हिसार जिला न्यायालय

में ही अधिवक्ता के रूप में की थी तथा लगभग छह माह तक यहां प्रैक्टिस की थी। हिसार

के वरिष्ठ अधिवक्ता स्व. आत्माराम बंसल के यहां उन्होंने जूनियर के तौर पर काम किया

था। हिसार बार के लिए अपने ही पूर्व सदस्य का देश के सर्वोच्च न्यायिक पद तक पहुंचना

अभूतपूर्व गौरव का विषय है।

जिला बार एसोसिएशन हिसार के प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा, सचिव एडवोकेट समीर

भाटिया, उपप्रधान एडवोकेट विकास पूनिया, सह-सचिव एडवोकेट सुनील भारद्वाज तथा कोषाध्यक्ष

एडवोकेट सुनील सहदेव सोनी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी

सभी 136 विशेष पास आज सदस्यों को वितरित कर दिए गए हैं। बड़ी संख्या में अधिवक्ता

23 व 24 नवंबर को दिल्ली रवाना होंगे। बार प्रधान संदीप बूरा ने कहा कि यह हमारे बार

के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत का सरल स्वभाव, न्यायप्रियता

और हिसार से जुड़ाव हम सभी के लिए प्रेरणा है।

यह आयोजन युवा अधिवक्ताओं को यह संदेश

देगा कि मेहनत और लगन से कोई भी शिखर प्राप्त किया जा सकता है। जो सदस्य दिल्ली नहीं

जा सकेंगे उनके लिए बार परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का बड़ी एलईडी स्क्रीन पर सीधा

प्रसारण किया जाएगा। बार परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, हवन की तैयारी, ब्लड

डोनेशन कैंप तथा लड्डू वितरण आदि की भी तैयारी है। वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र नैन, जेएस

मल्ही, मोहित अरोड़ा, अनेंद्र लोहरा, सुरेश शर्मा, धर्मपाल बांगड़, मीनू शर्मा, सुनीता

सूरा, गरिमा जैन और बजरंग इंदल सहित सभी सदस्यों ने इसे हिसार ही नहीं पूरे हरियाणा

के लिए गर्व का क्षण बताया है।

हिसार बार के प्रधान व सचिव राष्ट्रपति भवन के लिए विशेष न्यौता

जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा और सचिव एडवोकेट समीर भाटिया

ने कहा की हिसार में जन्मे और यहीं से अपनी वकालत का सफ़र शुरू करने वाले माननीय जस्टिस

सूर्य कांत आगामी 24 नवंबर 2025 को राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती

द्रौपदी मुर्मू से भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। जस्टिस

सूर्य कांत का कानूनी करियर हिसार जिला अदालत से शुरू हुआ इसलिए उन्होंने अपने गृह

जिले की बार पर विशेष स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए जिला बार एसोसिएशन हिसार के

प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा व सचिव समीर भाटिया को राष्ट्रपति भवन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम

में शामिल होने का विशेष निमंत्रण भेजा है। यह उनके उस बार के प्रति कृतज्ञता एवं भावनात्मक

जुड़ाव का प्रतीक है जहाँ से उनकी न्यायिक यात्रा प्रारम्भ हुई थी। हिसार बार एसोसिएशन

के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है की हिसार जिले का बेटा देश का मुख्य न्यायाधीश बन रहा

है।