गुरुग्रामः अर्बन डेवलपमेंट व मोबिलिटी कार्यक्रम शहरी विकास का समेकित मॉडल : नायब सैनी
-विजन 2047 के तहत विकसित राष्ट्र बनाने में इस प्रकार के आयोजन कारगर कदम
गुरुग्राम, 8 नवंबर । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अर्बन डेवलपमेंट व मोबिलिटी कार्यक्रम शहरी विकास का एक समेकित मॉडल तैयार करता है। समेकित मॉडल ही एक मजबूत शहर का निर्माण करता है, जिसके साथ ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। इस प्रकार के सम्मेलन जहां नवाचार पद्धति के साथ बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की योजनाओं के क्रियान्वयन में कारगर हैं, वहीं विजन 2047 में विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर बनाने में भी अहम है। मुख्यमंत्री शनिवार को यहां होटल हयात में 18वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधिगण को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने परिसर में लगी शहरी विकास और गतिशीलता को दर्शाती विकासात्मक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने देश भर से आए प्रतिनिधिगण का स्वागत करते हुए कहा कि यह गर्व और गौरव का विषय है कि हरियाणा को पहली बार इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करने का अवसर मिला है। नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि भारत का भविष्य अब केवल मेगा सिटीज में नहीं है। वर्तमान मांग के अनुरूप टियर-टू और टियर-थ्री शहर भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। ऐसे में समावेशी विकास के लिए टियर-टू और टियर-थ्री शहरों के अनुसार मोबिलिटी विकल्पों पर ध्यान दिया जा रहा है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हम 21वीं सदी के उस मोड़ पर खड़े हैं, जहां शहरी विकास की गति और दिशा, हमारी मोबिलिटी प्रणालियों से तय होती है। इसी वास्तविकता को समझते हुए, इस वर्ष का विषय शहरी विकास और गतिशीलता का मेल चुना गया है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। हमारे शहर, ग्रोथ के इंजन हैं लेकिन यदि शहरों में जीवन की सहजता सुनिश्चित करनी है, तो हमें गतिशीलता को विकास के हर पहलू के केंद्र में लाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्बन मोबिलिटी इंडिया प्लेटफॉर्म समस्याओं पर चर्चा करके, समाधान सुझाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि शहरों को बेस्ट अर्बन ट्रांसपोर्ट सेवाओं से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि शहरों की विशेष जरूरतों को पूरा करने के लिए शहरों में स्मार्ट बसें चलाने की योजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है ताकि, परिवहन प्रणालियों को पर्यावरण के अनुकूल, अधिक कुशल, विश्वसनीय, पारदर्शी व जवाबदेही बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास ही वास्तविक प्रगति का मार्ग है। हम यह मानते हैं कि यह धरती केवल हमारी नहीं है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों की भी है। इसलिए, हमारे सभी विकास कार्यों का उद्देश्य है कि आज के संसाधनों का उपयोग इस प्रकार हो कि हम उन्हें अगली पीढ़ी को भी सुरक्षित सौंप सकें।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार गुरुग्राम, फरीदाबाद, बहादुरगढ़ और सोनीपत तक किया जा रहा है, ताकि प्रमुख शहरों के बीच आवागमन सुगम और समयबद्ध हो सके। इसी के साथ, आरआरटीएस व नमो भारत रेल प्रणाली को भी हरियाणा के विकास विजन में प्रमुख स्थान दिया गया है। यह तेज रफ्तार रेल नेटवर्क दिल्ली, गुरुग्राम, करनाल और जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को सीधे जोड़ेगा। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक नया आर्थिक गलियारा तैयार होगा और लोगों को सुरक्षित, आरामदायक तथा ऊर्जा-कुशल यात्रा का विकल्प मिलेगा। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम के अतिरिक्त 12 अन्य प्रमुख शहरों- फरीदाबाद, पंचकूला, रोहतक, करनाल, हिसार, पानीपत, यमुनानगर, सोनीपत, भिवानी, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र और अंबाला में आधुनिक सिटी बस सेवाएं शुरू की हैं।

