विधानसभा उपमुख्य सचेतक ने नागबाड़ी में नाग मंदिर में की पूजा-अर्चना
पूजा-अर्चना के उपरांत स्थानीय लोगों ने उपसचेतक के समक्ष यह मांग रखी कि फोर लेन निर्माण कार्य के कारण मंदिर तक पंहुचने में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। इस पर विधानसभा उपसचेतक केवल पठानिया ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आश्वासन दिया कि मंदिर तक सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अंडरपास या फुटओवर ब्रिज निर्माण की संभावनाएं तलाशने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी।
मंदिर में आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को देखते हुए उन्होंने मंदिर कमेटी को 5 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह राशि मंदिर परिसर में आवश्यक मरम्मत, सौंदर्यीकरण तथा अन्य विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक भी हैं।

