MP

मैहर: बाइक सवारों को रौंदते हुए पलटी बेकाबू बोलेरो, एक की मौत, दस घायल

जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में सवार सभी श्रद्धालु मैहर मां शारदा देवी मंदिर के दर्शन कर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले वापस जा रहे थे। बोलेरो की रफ्तार तेज थी और जैसे ही वाहन लालपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में बाइक सवार रामबली केवट (60 वर्ष), निवासी जिन्ना ताला थाना, की मौके पर ही माैत हो गई। बाइक सवार अन्य दो घायल रामलखन केवट और रामलाला केवट (30 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बोलेरो में सवार आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें अशोक कुमार, निर्मला देवी, पूनम देवी और भोला भारती सहित चार अन्य लोग शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन भेजा। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद सभी 10 घायलों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का संभावित कारण बोलेरो चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बोलेरो वाहन को जब्त कर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।