Delhi

(अपडेट) मंत्री सिरसा ने राजौरी गार्डन में 10 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन, प्रदूषण नियंत्रण को लेकर की समीक्षा बैठक

मंत्री ने जे-ब्लॉक, ज़ेड-ब्लॉक, अग्रवाल स्वीट्स इलाका, रत्तन डेयरी, जनता मार्केट और रघुबीर नगर में चल रहे कार्यों का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का समापन वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के मेजर सुदेश मार्ग पर एंटी-स्मॉग गन, नए फुटपाथ और ड्रेन के काम की शुरुआत के साथ हुआ।

इन उद्घाटनों के अलावा सिरसा ने दिल्ली सचिवालय में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पर्यावरण विभाग, डीपीसीसी, एमसीडी के डिविजनल कमिश्नर्स और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने बैठक में सभी 13 प्रदूषण हॉटस्पॉट्स की प्रगति रिपोर्ट ली और जमीन पर काम करने वाली टीमों को और तेज़ी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, पानी का छिड़काव, खुले में कचरा जलाने पर रोक, औद्योगिक कचरे के सही निस्तारण और डस्ट कंट्रोल के उपायों पर सख्ती से अमल करने को कहा। अधिकारियों ने मंत्री को जारी कामों और उनकी समयसीमा की जानकारी दी।

मंत्री सिरसा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मजबूत नेतृत्व में हमारी सरकार दिन-रात मेहनत कर रही है ताकि दिल्ली का प्रदूषण कम हो और लोगों को इसका असर जमीन पर दिखे।

विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान मंत्री सिरसा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प विकसित दिल्ली से साकार होगा। उन्होंने बताया कि ये सभी परियोजनाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समग्र शहरी विकास दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हर घर तक साफ पानी और बेहतर नागरिक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प का हिस्सा हैं।

सिरसा ने कहा कि पिछले दस सालों से जो ढांचे उपेक्षित पड़े थे, उन्हें अब नए रूप में तैयार किया जा रहा है। हमारा मकसद है कि राजौरी गार्डन के हर नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि आज लगभग 10 करोड़ रुपय़े की यह परियोजनाएं सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और पाइपलाइन लीकेज की समस्या से स्थायी राहत देने के साथ-साथ धूल नियंत्रण और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने का भी लक्ष्य रखती हैं।