विदेशों में नर्सों को रोजगार दिलाने के लिए सरकार ने शुरू किया ओवरसीज रोजगार प्रोजेक्ट: राजेश धर्माणी
राजेश धर्माणी श्री साईं कॉलेज ऑफ नर्सिंग और श्री साईं इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंस, डडोह अपर बैहली, सुंदरनगर में आयोजित वार्षिक उत्सव ‘साईं केयर कार्निवल 2025’ में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉक्टर अकेले उपचार नहीं कर सकते, उनकी सबसे बड़ी सहयोगी नर्सें होती हैं। नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि अपने पेशे में जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करें तथा मदर टेरेसा जैसे गुणों को आत्मसात करें। राजेश धर्माणी ने बताया कि प्रदेश के सभी छह मेडिकल कॉलेज कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्थापित हुए हैं और इन्हें विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पुरानी एमआरआई और अन्य मशीनों को नई मशीनों से बदला जाएगा, जबकि दो कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की जा चुकी है। 125 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक प्रयोगशालाएं तैयार की जा रही हैं। मंत्री ने संस्थान में जर्मन भाषा सिखाने की पहल की सराहना की और कहा कि इससे छात्राओं को विदेशों में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हिमाचल की नर्सें भी केरल की नर्सों की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। कार्यक्रम में छात्राओं ने मंडी का लुड्डी नृत्य, गिद्दा, कश्मीरी नृत्य, शिव तांडव और मंडयाली आइडल जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोहा। इस अवसर पर मंत्री ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।
संस्थान के चेयरमैन एम.एल. चौहान ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि जिला परिषद सदस्य जसवीर सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर निदेशक हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक लाल सिंह कौशल, पुलिस अधीक्षक सुंदरनगर भरत भूषण, संस्थान का स्टाफ, छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

