देश की एकता के साथ पारिवारिक एकता बनाए रखना भी अत्यंत जरूरी- केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
मेघवाल सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सरदार @ 150 यूनिटी मार्च को संबोधित कर रहे थे। यूनिटी मार्च का आयोजन मेरा युवा भारत केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय व जिला प्रशासन के सहयोग से सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से नागणेची मंदिर तक किया गया। रैली को केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज परिसर में पटेल की मूर्ति पर मेघवाल और व्यास समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण किया।
यूनिटी मार्च के प्रारंभ में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सरदार पटेल की मूर्ति के सामने नव विवाहित जोड़े भवानी शंकर कुमावत और राजल को पारिवारिक एकता बनाए रखने की शपथ दिलाई। कोलायत के खारी गांव निवासी भवानी शंकर कुमावत दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर और भीनासर निवासी उनकी पत्नी राजल यूपीएससी की तैयारी कर रही है। दोनों ने पारिवारिक एकता की शपथ ली। मेघवाल ने इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को भी 25 नवंबर तक 150 नव दंपती जोड़ों तक एकता का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई।
यूनिटी मार्च के दौरान केंद्रीय मंत्री ने देराजसर के दुर्गाराम भादू के चाय के ढाबे पर रूक कर चाय बनाई और पी भी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में एकता का संदेश जाना चाहिए। साथ ही कहा कि उन्होंने घर में चाय बनाई है और पिलाई भी है।
नागणेची मंदिर के बाहर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेघवाल ने बताया कि सरदार पटेल प्रसिद्ध वकील थे। 1909 में 46 भारतीयों को मौत की सजा सुनाए जाने के एक केस में पैरवी कर रहे थे तो उन्हें एक पर्ची पकड़ाकर पत्नी की मृत्यु हो जाने की जानकारी दी गई लेकिन पटेल ने बिना विचलित हुए पैरवी जारी रखी। उन्होंने अंग्रेज जजों से कहा कि मैं अपनी पत्नी को वापस नहीं ला सकता लेकिन इन 46 लोगों को न्यू लाइफ दे सकता हूँ । जजों ने पटेल से प्रभावित होकर 46 लोगों की मौत की सजा माफ कर दी।
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठा नंद व्यास, सुमन छाजेड़, युवा भारत केन्द्र की रूबी पाल ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन पूर्व उप महापौर राजेन्द्र पंवार ने दिया। मंच संचालन कौशल शर्मा ने किया। मार्च के दौरान हैड कांस्टेबल दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बैंड ने स्वर लहरियां बिखेरी।
कार्यक्रम में चंपालाल गेदर, श्याम सिंह हाडलां, अखिलेश प्रताप सिंह, विजय आचार्य,एडवोकेट अशोक प्रजापत, कमल गहलोत, चंद्रमोहन जोशी, संतोषानंद महाराज, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल एव पीबीएम अधीक्षक डॉ सुरेन्द्र वर्मा, सीएमएचओ डॉ पुखराज साध, ज़िला खेल अधिकारी श्रवण भाम्भू, पुलिस जवान, खिलाड़ी, भारत स्काउट गाइड के रोवर व रेंजर समेत विभिन्न स्कूलों, कॉलेज के एनसीसी, एनएसएस के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

