नशामुक्त अभियान की पाँचवी वर्षगांठ, किया जागरूकता कार्यक्रम
इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों को नशीले पदार्थों के उपयोग के विरुद्ध शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान गुरुनानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर में आयोजित नशामुक्त भारत अभियान के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
नशा मुक्ति विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न छात्र-छात्राओं ने भाषण,नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा उन्मूलन का संदेश दिया। एमडीएस के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में नशे के बढ़ते दुष्परिणामों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग को प्रभावी रूप से दर्शाया। नशा मुक्त अभियान से जुड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नशे से मुक्ति पर विशेष सत्र आयोजित किए। एंटी-ड्रग्स एवं एंटी-टोबैको कमेटी के सदस्यों ने सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग से ज्ञानेंद्र पंवार ने तम्बाकू सेवन के बढ़ते खतरों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में इसके उपयोग के चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं।
स्वाति नोटियाल ने युवाओं में नशे के बढ़ते प्रचलन पर अपनी बेबाक राय रखते हुए बताया कि 13 से 19 वर्ष के किशोर अपने परिवेश व मित्र मंडली के कारण भटकाव का सामना कर रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चौहान ने युवाओं में समय के मूल्य को समझाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती है। उन्होंने अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए नशे के दुष्प्रभावों से सावधान किया और मिशन मोड में कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूड़ा एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली,सीओ जनक पंवार,चंद्र मोहन पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सहित अनेक अधिकारी एवं व्यक्ति उपस्थित रहे।

