हिमाचल में एचएएस अधिकारियों के तबादले, एचआरटीसी को मिला नया कार्यकारी निदेशक
शिमला, 09 फ़रवरी । हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक बार फिर कुछ एचएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल की मंजूरी के बाद ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
तकनीकी शिक्षा विभाग में अतिरिक्त निदेशक नरेश कुमार वर्मा को एचआरटीसी का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही नगर निगम शिमला में संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा से एचआरटीसी के कार्यकारी निदेशक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
एक अन्य अधिसूचना के अनुसार सिरमौर जिला में शिलाई के एसडीएम जसपाल को कफोटा (सिरमौर) के एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
तैनाती का इंतज़ार कर रहे जगदीप सिंह को कुल्लू जिले के निरमण्ड में एसडीएम नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक इस पद पर कार्यरत मनमोहन सिंह को आगे की तैनाती के लिए कार्मिक विभाग हिमाचल प्रदेश सचिवालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने सिरमौर के कफोटा से एसडीएम ओम प्रकाश काे स्थानांतरित कर पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी मेडिकल कॉलेज चंबा में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया है। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज चंबा में अतिरिक्त निदेशक के रूप में रमन घारसांघी की पहले जारी तैनाती को भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
एक अन्य आदेश में नरेश कुमार वर्मा, जो तकनीकी शिक्षा विभाग में अतिरिक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे, को एचआरटीसी शिमला का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही नगर निगम शिमला में संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा से एचआरटीसी के कार्यकारी निदेशक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

