UP

औरैया : हाईवे पर खड़ी पुलिस जीप को टैंकर ने मारी टक्कर, पीआरडी जवान गंभीर घायल

औरैया, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कस्बे में गढ़िया ओवरब्रिज के पास हाईवे पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रात्रि करीब 12:55 बजे एक तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़ी पुलिस की थर्ड मोबाइल जीप में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान सर्वेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पुलिस की थर्ड मोबाइल जीप गढ़िया ओवरब्रिज से पहले हाईवे किनारे खड़ी थी। उसी दौरान ग्राम भदसान निवासी पीआरडी जवान सर्वेश कुमार एक पुलिसकर्मी के साथ जीप के पास खड़े थे। तभी औरैया से इटावा की ओर जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सीधे जीप में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि सर्वेश कुमार इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग कर रही मोबाइल वैन मौके पर पहुंची और घायल जवान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, टैंकर चालक नशे की हालत में था, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।