आठ दिन बाद औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में काम पर लाैटे श्रमिक, पूरे दिन रही शांति
नोएडा, 17 अप्रैल । नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 इलाके में आज आठ दिन बाद सुकून दिखा। शुक्रवार को दिनभर शांति बनी रही और करीब 60 से 70 फीसदी कामगार दोबारा फैक्टरियों में लौटकर काम पर आ गए, जिससे उद्योगपतियों ने राहत की सांस ली।
दरअसल, बीते गुरुवार को फेज-2 इलाके से कामगारों के प्रदर्शन की शुरूआत हुई थी। जिसके बाद उसका असर फेज-1 और 3 में भी देखने को मिला था। जिसके बाद सोमवार को इस आंदाेलन ने उग्र रूप ले लिया था। इन आठ दिनों से उद्योगों में काम ठप रहा। शुक्रवार को भी संवेदनशील इलाकों में पुलिस का चौबीसों घंटे गश्त हुआ। वज्र वाहन और आरआरएफ (रैपिड रिस्पांस फोर्स) की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी रखी गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने भी पूरे इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र में पूरी तरह से शांति रही। लघु उद्योग भारती नोएडा इकाई अध्यक्ष अमित सिंघल का कहना है कि कामगारों के लौटने से उत्पादन धीरे-धीरे पटरी पर आ रहा है। हालांकि अभी भी पूरी क्षमता से काम शुरू होने में समय लगेगा। एनईए उपाध्यक्ष सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि यदि स्थिति इसी तरह स्थिति सामान्य बनी रहती है तो अगले कुछ दिनों में अधिकांश श्रमिक वापस लौट सकते हैं।

