Himachal Pradesh

चिट्टा मामले में सिरमौर से एक और आरोपी गिरफ्तार, पैसों के लेन-देन का कनेक्शन सामने

शिमला, 15 अप्रैल । शिमला जिले के पुलिस थाना सदर क्षेत्र में चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के एक मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की भूमिका मादक पदार्थ की खरीद के लिए पैसे ट्रांसफर करने और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के साथ समन्वय करने में सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 6 अप्रैल को सदर शिमला थाना पुलिस की टीम ने एक महिला आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसके आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप डाटा और बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की भी जांच की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा बैंक खाते की जानकारी साझा की गई थी और उसी के जरिए मादक पदार्थ की खरीद के लिए पैसों का लेन-देन किया गया। इस आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए बैकवर्ड लिंक तलाशे और जांच को आगे बढ़ाया।

इसी जांच के दौरान पुलिस ने सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के देव नगर क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय नीरज को 13 अप्रैल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार नीरज की भूमिका मादक पदार्थ की खरीद के लिए धनराशि ट्रांसफर करने और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के साथ संपर्क बनाए रखने में सामने आई है। इस कारण उसकी संलिप्तता एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत पाई गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नीरज के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 16 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बुधवार को बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।