Rajasthan

धौलपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के कोच में लगी आग, सतर्कता से टला बड़ा हादसा

धौलपुर, 29 अप्रैल । रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह एक नॉन-स्टॉपेज ट्रेन के जनरल कोच के ब्रेक पैडल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्टेशन कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

ट्रेन संख्या 15549 दुर्ग से लुधियाना जा रही थी। सुबह करीब 5:52 बजे धौलपुर स्टेशन के पास पॉइंट्स मैन ने जनरल कोच के ब्रेक पैडल से धुआं और आग निकलते देख तुरंत लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकने का संकेत दिया। इसके बाद ट्रेन को स्टेशन के आउटर पर रोका गया। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर रामवीर मीना सहित रेलवे इंजीनियर मौके पर पहुंचे और ट्रेन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद ब्रेक पैडल में आई खराबी को ठीक किया गया और करीब 6:30 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन में आग की सूचना मिलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और ट्रेन रुकते ही कई यात्री नीचे उतर गए। एक यात्री ने बताया कि कोच के पैरदान के पास आग दिखाई दी, जिसके बाद यात्रियों को सतर्क कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रेलवे सूत्राें के अनुसार प्रारंभिक जांच में गर्मी के कारण ब्रेक में आग लगना सामने आया है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ट्रेन दुर्ग से चलकर ग्वालियर के बाद आगरा की ओर जा रही थी और उसका अगला निर्धारित ठहराव आगरा कैंट स्टेशन था।