UP

होमगार्ड भर्ती परीक्षा: देवरिया में 10 केंद्रों पर 4224 अभ्यर्थी शामिल

देवरिया, 27 अप्रैल । उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा के तीसरे दिन सोमवार को देवरिया जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले। नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई, जिसमें उनके जूते तक उतरवाए गए।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने परीक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के बाद जूते और बेल्ट उतरवाए गए, ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक या प्रतिबंधित सामग्री अंदर न ले जाई जा सके। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों को जूते हाथ में लेकर परीक्षा कक्ष तक जाना पड़ा, जो चर्चा का विषय बना रहा। बायोमेट्रिक सत्यापन और आई स्कैनिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों ने बताया कि जांच में समय लगा, लेकिन इससे परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित हुई।

पहली पाली में जिले के 10 केंद्रों पर करीब 4,224 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कुशीनगर, गोरखपुर और संतकबीरनगर समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और प्रत्येक पाली में 409 पुलिसकर्मी तैनात रहे। सेक्टर, स्टैटिक और जोनल मजिस्ट्रेट सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।