Himachal Pradesh

रेडक्राॅस की समर्पण व सेवा की भावना अन्य संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत : मंडल आयुक्त

धर्मशाला, 07 अप्रैल । मंडल आयुक्त संदीप कुमार ने मंगलवार को पुलिस मैदान, धर्मशाला में आयोजित रेडक्राॅस मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जिला रेडक्राॅस सोसाइटी कांगड़ा की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्राॅस सोसाइटी समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त वर्गों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के लिए रेडक्राॅस सोसाइटी तत्परता से सहायता प्रदान करती है।

मंडल आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल समाज सेवा की भावना को सृदृढ़ करते हैं, बल्कि आमजन को स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के लिए भी प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को शुभकामनाएं दी।

मेले के दौरान विभिन्न विभागों, संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा अनेक जागरूकता एवं जानकारीपरक स्टाॅल लगाए गए। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय व्यंजनों के स्टाॅल के साथ-साथ महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी की गई।

इस अवसर पर आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर में आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन जांच तथा छाती के एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी संतोष कटोच ने रेडक्राॅस सोसाइटी को 5 हजार रुपये की जबकि 29 अन्य रेडक्राॅस सदस्यों ने एक-एक हजार रुपये का योगदान देकर सेवा कार्यों में सहयोग दिया। इस अवसर पर रेडक्राॅस सोसाइटी के पैट्रन मेंबर्स एवं लाइफ मेंबर्स को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, एडीसी विनय कुमार, रेडक्राॅस सोसाइटी के सचिव ओ.पी. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी व क्षेत्र के गणमान्य उपस्थित रहे।