Rajasthan

सरदार पटेल ने की थी महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने की पहल- सांसद मंजू शर्मा

जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि जब सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद नगर पालिका के अध्यक्ष थे तब उन्होंने महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने की पहल की थी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का मूलभाव भी यही है। इस अधिनियम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलेगा, जिससे शिक्षा, सुरक्षा, नीति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर महिलाओं की सीधी भागीदारी होगी।

जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में बुधवार को आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन की संयोजक सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाएं और महत्वपूर्ण भूमिका अधिक निभा सकेंगी। उन्होंने सभी महिलाओं से इस अधिनियम के समर्थन में 9667173333 नम्बर पर मिस्ड कॉल करने का आह्वान भी किया।

सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि हमारा समाज और देश तभी प्रगति करेगा, जब महिलाएं हर क्षेत्र में भागीदारी निभाएंगी। हमारी सनातन संस्कृति में महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही, हर क्षेत्र में महिलाओं को हमेशा आगे रखा गया है। महिलाएं देश-प्रदेश के विकास में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। सांसद शर्मा ने मोदी सरकार और राज्य सरकार की महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं का भी जिक्र किया।