Delhi

नेपालः अन्नपूर्णा हिमाल पर सीजन का पहला सफल आरोहण

काठमांडू, 19 अप्रैल । दुनिया के दसवें सबसे ऊंचे पर्वत अन्नपूर्ण हिमाल पर इस वर्ष के वसंतकालीन आरोहण औपचारिक रूप से आरंभ हो गया है। 8,091 मीटर ऊंचा यह पर्वत म्याग्दी जिले के अन्नपूर्णा क्षेत्र में स्थित है। सेवेन समिट ट्रैक के लाक्पा शेरपा के नेतृत्व में सात नेपाली और पांच विदेशी पर्वतारोहियों की टीम ने रविवार सुबह सूर्य की पहली किरण निकलने के साथ ही अन्नपूर्णा की चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की।

कंपनी के अनुसार, विदेशी पर्वतारोहियों में कनाडा के चार्ल्स पेज, रूस के वलेरी बाबानोव, व्लादिमिर अफानासेव, यूरी कुग्लोव और अजरबैजान के इस्फारली असुरली शामिल हैं। नेपाली दल में लाक्पा के साथ छेवाङ, दावा नर्बु, पासाङ दुंगपा, छाङुबा, तारामान और पासाङ शेर्पा हैं।

रविवार सुबह लगभग 7:३० बजे नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के दो पर्वतारोहियों के साथ एक शेरपा गाइड ने भी शिखर पर पहुंचने में सफलता हासिल की। मौरिस हर्जोग ट्रैक मार्ग के अभियंता तेजबहादुर गुरुङ के अनुसार, इस सीजन की पहली टीम ने सफलतापूर्वक आरोहण पूरा किया। अब बेस कैंप तक घूमने जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ेगी।

इस वर्ष अन्नपूर्णा हिमाल पर चढ़ाई के लिए पर्यटन विभाग नेपाल से चार समूहों के कुल 27 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है। उनसे कुल 1 करोड़ 20 लाख 49 हजार 175 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। पिछले वर्ष के वसंतकाल में अन्नपूर्णा आरोहण के लिए 66 लोगों ने अनुमति ली थी।

सन् 1950 में फ्रांस के मौरिस हर्जोग ने पहली बार अन्नपूर्णा पर सफल आरोहण किया था। इसके तीन वर्ष बाद 1953 में एडमंड हिलारी और तेन्जिंग नोर्गे शेरपा ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी सगरमाथा (एवरेस्ट) पर ऐतिहासिक चढ़ाई की थी। अन्नपूर्णा पर शुरू हुआ यह नया आरोहण सत्र न केवल पर्वतारोहियों के लिए उत्साह का विषय है, बल्कि नेपाल के पर्यटन क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।