World

पाकिस्तान के खैबर जिले में 22 आतंकी मारे गए

इस्लामाबाद, 24 अप्रैल । पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खैबर जिले में 22 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया गया है। पाकिस्तान सशस्त्र बलों (सेना, नौसेना, वायुसेना) की मीडिया और जनसंपर्क शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस की आज जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि यह सफलता सुरक्षा बलों को खुफिया आधारित संयुक्त अभियान में मिली।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने बताया कि यह अभियान सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 21 अप्रैल को आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर शुरू किया। इस दौरान दोनों ओर जबरदस्त गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में 22 आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। इस दौरान 10 साल का लड़का भी मारा गया।

विज्ञप्ति के अनुसार, मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। आतंकियों के सफाये के लिए देश में अज्म-ए-इस्तेहकाम नाम से अभियान चलाया जा रहा है। खैबर जिला अफगान सीमा के पास ऐतिहासिक खैबर दर्रे पर स्थित है। इसका मुख्य प्रशासनिक केंद्र लंडी कोटल है। खैबर दर्रा कभी दक्षिण एशिया और मध्य एशिया के बीच महत्वपूर्ण व्यापारिक और सैन्य मार्ग रहा है। यहां मुख्य रूप से पश्तून (पठान) जनजाति के लोग रहते हैं। इनमें अफरीदी, शिनवारी और मुल्लोरी प्रमुख उप कबीले हैं।