हाईकोर्ट व सेशन कोर्ट सहित चार बूथों पर 4 मई को दुबारा होगा मतदान
जयपुर, 24 अप्रैल । बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव के लिए बनाई गई हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी ने जयपुर में हाईकोर्ट व सेशन कोर्ट सहित चार जगहों पर 4 मई को वापस मतदान कराने का निर्णय लिया है। गत 22 अप्रैल का हुए चुनाव के दौरान अनियमिता और फर्जी वोटिंग की शिकायत के बाद जयपुर के इन दो वोटिंग बूथ सहित जोधपुर व रायसिंह नगर में मतदान बीच में रोककर बाद में रद्द कर दिया था।
कमेटी ने यह निर्णय शुक्रवार को हुई मीटिंग में लिया है। इसके साथ ही हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी ने चुनाव रद्द होने वाले चारों बूथों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 22 अप्रेल के घटनाक्रम पर दो दिन के भीतर अपना लिखित जवाब रिटर्निंग ऑफिसर को दें। रिटर्निंग ऑफिसर इन जवाबों को संकलित कर चुनाव सामग्री, बैलट बॉक्स, बैलट पेपर और वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट कमेटी को सौंपेंगे। जांच के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर और सभी एआरओ को कमेटी के समक्ष अनिवार्य तौर पर उपस्थित रहने के लिए भी कहा है। कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से यह माना गया कि संबंधित चारों बूथों पर हुई घटनाएं गंभीर प्रकृति की थीं और ये निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं। वीसी के जरिए हुई इस मीटिंग में चेयरपर्सन जस्टिस जे.आर. मिड्ढा के साथ सदस्य जस्टिस सत्येन वैद्य, जे.के. शर्मा, ऑब्जर्वर जस्टिस मनोज कुमार गर्ग, रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. सचिन आचार्य, सचिव मधुर भूटानी और अतिरिक्त सचिव ऋतिक सेजवाल मौजूद रहे।

