UP

गर्मी में पशुओं को हीट स्ट्रोक का खतरा, विशेष देखभाल जरूरी: डॉ शिवनाथ यादव

प्रयागराज, 17 अप्रैल ।भीषण गर्मी के बीच पशुओं पर भी तापमान का प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ऐसे में पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि पशुओं को हीट स्ट्रोक से बचाया जा सके। यह अपील शुक्रवार को प्रयागराज के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने की।

डॉ शिवनाथ यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम में पशुओं की भूख कम हो जाती है, जिससे उनके स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर सीधा असर पड़ता है। तापमान अधिक होने पर पशुओं में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, जो कई बार जानलेवा भी साबित हो सकता है।

उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि पशुओं को दिन में कई बार स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराएं। पशुशाला में उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि हवा का आवागमन बना रहे और तापमान नियंत्रित रहे। इसके अलावा पशुओं को धूप से बचाने के लिए छायादार स्थान की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है।

डॉ. यादव ने कहा कि पशुओं की समय-समय पर देखरेख, संतुलित आहार और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने से उन्हें गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गर्मी में पशुओं के सही प्रबंधन से ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।