UP

मजदूरी करने जा रहे युवक पर गुलदार ने किया हमला, हालत गम्भीर

बिजनौर, 22 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की तहसील धामपुर के थाना क्षेत्र शेरकोट में गुलदार के हमले लगातार जारी हैं। ताज़ा घटना नसीर दीवाला गांव की है, जहाँ सुबह मजदूरी पर जा रहे एक युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल युवक की पहचान करण (25) पुत्र ऋषि पाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, करण बुधवार की सुबह अपने घर से मजदूरी के लिए निकल रहा था, तभी रास्ते में झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक संभल नहीं पाया और गुलदार ने उसे बुरी तरह घायल कर दिया। आसपास के ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं। उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द इलाके में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।