Punjab

पंजाब के छत्तबीड़ चिड़ियाघर में जानवरों को लू से बचाने के विशेष इंतजाम किये गए

चंडीगढ़, 20 मई । पंजाब के सबसे बड़े वन्यजीव अभ्यारण्य और प्रमुख सफारी स्थल छतबीर में स्थित महेंद्र चौधरी प्राणी उद्यान में जानवरों की सुरक्षा और देखभाल के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन ने वन्य जीवों को गर्मी और लू से बचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

चिड़ियाघर प्रशासन ने बाघ, शेर, तेंदुआ और भालू जैसे मांसाहारी जानवरों के बाड़ों में डेजर्ट कूलर और एयर सर्कुलेटर पंखे लगाए हैं। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए सभी खिड़कियों पर जालियां लगाई गई हैं। जानवरों को छाया और ठंडक देने के लिए कई स्थानों पर 75 प्रतिशत घनत्व वाले एग्रो नेट लगाए गए हैं।

शाकाहारी जानवरों के लिए सरकंडे, लकड़ी और बांस से अस्थायी शेल्टर तैयार किए गए हैं, ताकि उन्हें तेज धूप से राहत मिल सके। हाथियों, हिरणों और अन्य जानवरों के लिए पानी से भरे कीचड़ वाले तालाब और स्विमिंग पूल बनाए गए हैं, जिन्हें हर समय पानी से भरा रखा जा रहा है। पक्षियों के पिंजरों को भी एग्रो नेट और जूट मैट से ढका गया है। छोटे पिंजरों में स्प्रिंकलर शावर लगाए गए हैं, ताकि पक्षियों को ठंडक मिल सके। चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार आपात स्थिति में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए टैंकर और ट्रैक्टर भी हर समय तैयार रखे गए हैं।