तेजाब कांड का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल, हेड कांस्टेबल को भी लगी गोली
बरेली, 17 मई । शेरगढ़ क्षेत्र में घर में घुसकर महिला, उसके पति और दो बच्चों पर तेजाब फेंकने के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 मई को शेरगढ़ थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वार्ड नंबर-9 डुंगरपुर निवासी उमेश कश्यप उसके घर की छत के रास्ते अंदर घुस आया और उस पर, उसके पति व दोनों बेटों पर तेजाब डाल दिया। घटना में चारों लोग झुलस गए थे। मामले में थाना शेरगढ़ में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 124 और 333 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। रविवार को थाना शेरगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित कस्बा शेरगढ़ बाईपास मार्ग से अपने घर की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उमेश कश्यप के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मोहम्मद नाजिम के बाएं हाथ को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने मौके से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी शेरगढ़ राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपित के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपित और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

