दिल्ली की उपमहापौर ई-व्हीकल पूलिंग कर निगम मुख्यालय पहुंची
नई दिल्ली, 25 मई । दिल्ली की उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत सोमवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की आम सभा की बैठक में शामिल होने के लिए ई-व्हीकल पूलिंग करते हुए नगर निगम मुख्यालय पहुंची।
उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन एवं कार पूलिंग के अधिकाधिक उपयोग की अपील के बाद उन्होंने स्वयं यह संकल्प लिया है कि वे व्यक्तिगत स्तर पर अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन और साझा यातायात के साधनों का उपयोग करेंगी।
उन्होंने कहा कि आज के समय में दिल्ली जैसे महानगर को बढ़ते वायु प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और ईंधन की बढ़ती खपत जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि कार पूलिंग और ई-व्हीकल का उपयोग न केवल ईंधन की बचत सुनिश्चित करता है, बल्कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक मिलकर इस दिशा में ठोस पहल करें तो दिल्ली में वायु प्रदूषण और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उपमहापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल नीतियों का विषय नहीं बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कदम, जैसे कार पूलिंग अपनाना, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना और पर्यावरण-अनुकूल साधनों को प्राथमिकता देना, भविष्य की स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस दौरान उन्होंने पार्षद यशपाल कैंथूरा, रमेश गर्ग तथा राजू सचदेव के साथ यात्रा की और पर्यावरण संरक्षण तथा जिम्मेदार नागरिक व्यवहार का संदेश दिया।

