Himachal Pradesh

शहरी निकाय चुनाव:एक नगर निगम, 4 नगर परिषदों व 2 नगर पंचायतों के लिए नामांकन पूर्ण

मंडी, 02 मई । मंडी जिले की एक नगर निगम, 4 नगर परिषदों व 2 नगर पंचायतों के लिए हो रहे चुनावों के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी हैं। मंडी नगर निगम के चुनाव राजनीतिक पार्टियों के चिह्न पर हो रहे हैं। यहां पर 15 वार्डों के लिए भाजपा कांग्रेस के उम्मीदवारों समेत कुल 59 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। नगर परिषदों की बात करें तो सबसे अधिक उत्साह बल्ह विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय नेरचौक की नगर परिषद में देखने को मिला है जहां से 9 वार्डों के लिए 41 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नगर परिषद सुंदरनगर में 13 वार्डों के लिए केवल 33 उम्मीदवारों ने ही नामांकन पत्र दाखिल किए।

नगर परिषद सरकाघाट के 7 वार्डों में 27 व जोगिंदनगर में 7 वार्डों से केवल 18 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए। नगर पंचायत रिवालसर में 7 वार्डों के लिए 19 उम्मीदवार व करसोग नगर पंचायत में कुल 17 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए।

करसोग नगर पंचायत के 7 नंबर वार्ड ममेल से नहीं आया कोई नामांकन नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 7 से कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। अब यहां पर चुनाव नहीं हो पाएगा। लोगों का कहना है कि पूर्व में रही नगर पंचायत ने उनके वार्ड में कोई भी विकास का काम नहीं किया ऐसे में वह इस चुनाव का पूरी तरह से बहिष्कार कर रहे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि सोमवार 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 6 मई को नाम वापस लिए जा सकेंगे। अब 6 मई को नाम वापस लेने की समय पूरा हो जाने के बाद ही मैदान में असली योद्धा कौन होंगे इसकी तस्वीर साफ होगी।