Delhi

हरियाणा में ईवी निवेश की अपार संभावनाएं: मुख्यमंत्री नायब सैनी

नई दिल्ली, 22 मई । नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आयोजित बैठक में शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्हाेंने बैठक में ईवी तथा ऑटोमोटिव क्षेत्र में निवेश संभावनाओं और एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर चर्चा की। बैठक में वैश्विक ईवी कंपनी विनफास्ट के हरियाणा में संभावित निवेश पर केस प्रेजेंटेशन दिया गया। मुख्यमंत्री ने विनफास्ट की कार चलाकर परीक्षण भी किया।इस अवसर पर नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और ऑटोमोबाइल विनिर्माण के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार निवेशकों को उद्योग स्थापना के लिए पारदर्शी नीतियां, बेहतर कानून व्यवस्था, कुशल मानव संसाधन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई तकनीकों, हरित ऊर्जा और टिकाऊ औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हरियाणा में ईवी निर्माण, बैटरी उत्पादन, ऑटो कंपोनेंट्स और अनुसंधान एवं विकास से जुड़े क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

बैठक में हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, विनग्रुप एशिया के सीईओ एवं विनफास्ट इंडिया के एमडी राजदूत फाम सन्ह चौ, राजदूत चौ के सहायक न्गुयेन फाम वान होआन, डॉ नीना मल्होत्रा आईएफएस सचिव साउथ, इंडस्ट्री एंड कॉमर्स विभाग हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक डॉ यश गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योगपति मौजूद थे।