MP

इंदौरः जनसुनवाई बनी जरूरतमंदों का सशक्त माध्यम, एक ही छत के नीचे मिल रहा सहारा

इंदौर, 26 मई । मध्य प्रदेश के इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरी रही है। जनसुनवाई में पहुंचे विभिन्न आवेदकों की समस्याओं को कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित सहायता सुनिश्चित की।

प्रशासन की जनहितैषी एवं मानवीय कार्यशैली से लाभान्वित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कलेक्टर वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। जनसुनवाई में पहुंचे अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी परिवार कल्याण परिषद के सदस्यों ने कलेक्टर वर्मा का पगड़ी पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया। संस्था के अध्यक्ष सुधीर सेठी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों के हित में निरंतर सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इसी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए संस्था के सदस्य जनसुनवाई में पहुंचे। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कराने पर कलेक्टर शिवम वर्मा को बधाई देते हुए प्रशस्ति पत्र भी भेंट किया।

एक अन्य प्रकरण में राजेश वेद अपनी बेटी काव्या वेद के साथ जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपनी बेटी की स्कूल फीस जमा करने में असमर्थ थे। इस पर कलेक्टर वर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। सहायता मिलने के बाद राजेश वेद ने कहा कि अब मेरी बेटी की शिक्षा का रास्ता फिर से खुल गया है। इसी प्रकार जनसुनवाई में पहुंचीं मीना बाई को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस सहायता से वे अपना रोजगार संचालित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। सहायता प्राप्त होने पर उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक अन्य प्रकरण में विजय फांसे ने भी अपनी समस्या कलेक्टर वर्मा के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि टीबी के इलाज के लिए आर्थिक तंगी होने के कारण उपचार प्रभावित हो रहा है और परिवार आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने एवं आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में प्रशासन द्वारा समस्याओं के त्वरित निराकरण और जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराए जाने से आमजन में विश्वास और संतोष का माहौल देखने को मिला। कलेक्टर वर्मा ने आमजन से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कई आवेदन प्राप्त हुए जिसमें मुख्य रूप में प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण रहे। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित सभी विभागीय अधिकारियों ने जनसुनवाई में भाग लेकर नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका निराकरण किया।